*गौ सम्मान रैली में उमड़ा जनसैलाब, ज्ञापन सौंपते वक्त भावुक हुआ माहौल*
*तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग, उद्बोधन के दौरान गौ कथा वाचक की आंखों से छलके आंसू*
घोड़ाडोंगरी।
सोमवार को नगर में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत निकली रैली में बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए। दुर्गा चौक से प्रारंभ हुई यह रैली ढोल बाजे एवं गौ माता के जयकारे के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची, जहां तहसीलदार संध्या रावत को ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान एक भावुक क्षण तब देखने को मिला, जब उद्बोधन दे रहे गौ कथा वाचक दिलीप गर्ग गौ माता की स्थिति का उल्लेख करते हुए भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। कुछ क्षणों के लिए वे बोल नहीं पाए, जिससे वहां उपस्थित लोगों में भी भावनात्मक माहौल बन गया।
ज्ञापन में गौ माता को “राष्ट्रमाता” का दर्जा देने, गौ हत्या रोकने, गोवंश पर हो रहे अत्याचारों पर सख्त रोक लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए सशक्त कानून बनाने की मांग रखी गई। साथ ही भारतीय संविधान के अनुच्छेद 48 एवं 51A (g) के तहत गौ संरक्षण को राज्य और नागरिकों का कर्तव्य बताते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
वक्ताओं ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला है, लेकिन वर्तमान में उनकी स्थिति चिंताजनक है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गौसेवक उपस्थित रहे, जिन्होंने एकजुट होकर गौ संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
Tags
मध्य प्रदेश