ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़जी 24 घंटे से भी कम वक़्त में पाकिस्तान वापस लौट गए हैं. अराग़ची शनिवार को ही इस्लामाबाद से ओमान गए थे. रविवार को मस्कट में उन्होंने ओमान के सुल्तान और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की थी.
तय कार्यक्रम के अनुसार, अब्बास अराग़ची इस्लामाबाद में अधिकारियों के साथ बैठक के बाद मास्को के लिए रवाना होंगे.
इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर कहा कि 'ईरान के साथ युद्ध जल्द ही समाप्त हो जाएगा और उनका देश जीत हासिल करेगा.' ट्रंप ने यह भी कहा, "ईरानी बात करना चाहते हैं, तो वे संवाद कर सकते हैं."
इससे पहले शनिवार को ट्रंप ने पाकिस्तान में ईरान जंग पर होने वाली संभावित अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की बैठक रद्द कर दी. यह फ़ैसला उस समय लिया गया जब ईरान का प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद से निकल चुका था.
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और जेरेड कुश्नर का इसमें 'बहुत ज़्यादा समय बर्बाद' होगा. साथ ही ये भी कहा कि अगर ईरान बातचीत करना चाहता है तो 'उन्हें बस फोन करना होगा.'
इस बीच बीबीसी की अरबी सेवा की एक ख़बर के अनुसार, पाकिस्तान में सरकारी सूत्रों ने रविवार को रॉयटर्स को बताया कि अमेरिकी सेना ने इस्लामाबाद से सुरक्षा उपकरण हटा लिए हैं, जिससे संकेत मिलता है कि जल्द ही बातचीत के लिए कोई अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल लौटने की संभावना नहीं है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को घोषणा की थी कि उन्होंने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की पाकिस्तान यात्रा रद्द कर दी है.