भारत - नेपाल सीमा पर नकली करेंसी के साथ चार अभियुक्तों को एसएसबी ने किया गिरफ्तार
संजीव श्रीवास्तव जिला विशेष संवाददाता
निघासन - खीरी । सशस्त्र सीमा बल द्वारा भारत नेपाल सीमा पर नकली नोटों के साथ कार में सवार चारअभियुक्तों को पकड़े जाने का समाचार प्राप्त हुआ है । एस एस बी ने पकड़े गए अभियुक्तों को अग्रिम कार्यवाही के लिए तिकुनिया कोतवाली पुलिस को सौंप दिया है ।
जानकारी के अनुसार गत रविवार को तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र के खखरौला एस एस बी कंपनी कैंप के कंपनी कमांडर निखिल राज को गुप्तचर से सूचना मिली कि संदिग्ध होंडा मोबिलियो कार नकली नोट तस्करों को लेकर नेपाल जा रही है , सूचना प्राप्त होते ही एस एसबी जवानों ने चेक पोस्ट पर संदिग्ध कार को रोककर कार में सवार लोगों को नीचे उतारकर पूछताछ शुरू कर दी । पूछताछ के दौरान कार सवारों ने बताया कि वह सिंगाही से नेपाल के टीकापुर जा रहे थे तलाशी के दौरान कार में सवार अभियुक्त अनुज कुमार के पर्स से एस एस बी
ने 500 के 24 नकली नोट बरामद किए जिनकी कीमत 12 000 आंकी गई , इसके अलावा एक मोबाइल,चांदी जैसी अंगूठी और कडा बरामद किया गया । पूछताछ के दौरान अनुज कुमार ने बताया जनवरी 2026 में नकली करेंसी मोहम्मद रफीक उर्फ बडकन निवासी वार्ड नंबर 9 कस्बा सिंगाही तथा कमलेश कुमार उर्फ दादा निवासी अयोध्या पुरवा थाना निघासन ने गाड़ी के किराए के तौर पर दिए थे वह इन नोटों को लेकर टीकापुर सीशापानी जिला कैलाली नेपाल जा रहा था । कार चालक आसिफ खान पुत्र नर्सीमुल्लाह वार्ड नंबर 11 मोहल्ला कांजी हाउस कस्बा सिगाही ने बताया कि वह अनुज से करीब एक साल से परिचित है जो कभी-कभी उसकी गाड़ी बुकिंग पर लेता है । ड्राइवर ने नकली नोटों के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी होने से इनकार किया ।
गौरतलब है कि इंडो नेपाल बॉर्डर पर मादक पदार्थों और नकली नोटों के अवैध कारोबार को रोकने के लिए भारत और नेपाल दोनों देशों ने शिकंजा कस दिया है ।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली तिकुनियां पुष्पराज कुशवाहा के अनुसार सभी अभियुक्तों पर बीएनएस की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है ।
Tags
निघासन - खीरी