अत्याधुनिक निर्माण कार्य*बुरहानपुर (इक़बाल अंसारी) बुरहानपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के निरंतर प्रयासों और दूरदर्शी


* अत्याधुनिक निर्माण कार्य*
बुरहानपुर (इक़बाल अंसारी) बुरहानपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के निरंतर प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के परिणामस्वरूप बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सौगात प्राप्त हुई है। स्टेट फाइनेंस कमेटी द्वारा क्षेत्र के चार प्रमुख शासकीय विद्यालयों क्रमशः भावसा, बिरोदा, फोफनार एवं लोधीपुरा में अतिरिक्त कक्षों एवं आधुनिक प्रयोगशाला कक्षों के निर्माण हेतु कुल लगभग 9 करोड़ 55 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। शीघ्र ही इसकी प्रशासकीय स्वीकृति जारी की जाएगी।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि समग्र रूप से, यह पहल बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा अधोसंरचना को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली सिद्ध होगी, जो आने वाले समय में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार बनेगी।
इस स्वीकृति के अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल, भावसा में 2 करोड़ 99 लाख 64 हजार, शासकीय हाईस्कूल बिरोदा में 2 करोड़ 98 लाख 88 हजार तथा शासकीय हाईस्कूल, फोफनार में 2 करोड़ 70 लाख 54 हजार रुपए की लागत से अतिरिक्त अध्ययन कक्ष एवं प्रयोगशालाओं का निर्माण किया जाएगा। वहीं शासकीय हाईस्कूल लोधीपुरा में 85 लाख 95 हजार रुपए की लागत से समान अधोसंरचनात्मक कार्य प्रस्तावित हैं। इन सभी परियोजनाओं का उद्देश्य विद्यालयों में बढ़ती छात्र संख्या के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं सुदृढ़ शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात विद्यार्थियों को न केवल पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित कक्षाएं मिलेंगी, बल्कि आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित प्रयोगशालाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे विशेष रूप से विज्ञान विषयों के अध्ययन में गुणवत्ता और रुचि में वृद्धि होगी। ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब अपने ही क्षेत्र में शहरों जैसी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं प्राप्त होंगी, जिससे उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी सुदृढ़ होगी।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि शिक्षा ही विकास की सबसे सशक्त नींव है। हमारा संकल्प है कि बुरहानपुर का प्रत्येक विद्यार्थी आधुनिक संसाधनों एवं श्रेष्ठ वातावरण में शिक्षा प्राप्त करे। यह स्वीकृति उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी।
स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों ने श्रीमती अर्चना चिटनिस द्वाररा दी गई इस सौगात का हर्षोल्लास के साथ स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उनका मानना है कि इन निर्माण कार्यों से विद्यालयों की स्थिति में व्यापक सुधार होगा और विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post